मेरठ। एनवायरमेंट क्लब को उत्तराखंड के नगर निगम श्रीनगर ने सम्मानित किया है। यह सम्मान क्लब को मां धारी देवी मंदिर पर चलाए गए स्वच्छता अभियान के लिए दिया गया। इस अभियान में ऋषिकेश के द हिमाद्री फाउंडेशन के साथ मिलकर 100 किलो से अधिक प्लास्टिक कूड़ा साफ किया।
अभियान के दौरान क्लब टीम ने मंदिर परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सभी को नदियों और पहाड़ों की स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने प्लास्टिक से जलीय जीवों पर पड़ने वाले प्रभावों को भी दर्शाया। महापौर आरती भंडारी की उपस्थिति में क्लब और हिमाद्री फाउंडेशन की टीम ने मंदिर क्षेत्र व अलकनंदा नदी के किनारे से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कूड़ा हटाया। क्लब संस्थापक सावन कनौजिया ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और नदियों की अविरलता के लिए सभी का एकजुट होना जरूरी है। हिमाद्री के संस्थापक प्रतीक वर्मा ने कहा कि नदियों और धार्मिक स्थलों पर बढ़ता प्लास्टिक प्राकृतिक आपदाओं को न्योता दे रहा है। स्वच्छता अभियान के बाद क्लब टीम नगर निगम श्रीनगर के कार्यालय पहुंची। वहां नगरायुक्त नूपुर वर्मा और महापौर आरती भंडारी ने क्लब टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। दोनों ने क्लब और हिमाद्री फाउंडेशन के युवा प्रयासों की सराहना की।