- जिलाधिकारी से काम में तेजी लाने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग
- जाम से उद्योगों की उत्पादन व आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। परतापुर रेलवे फ्लाईओवर पर लोक निर्माण विभाग ( पीडब्ल्यूडी ) द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य की धीमी प्रगति को लेकर परतापुर औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने चिंता व्यक्त की है। उद्योगपतियों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा इसे युद्ध स्तर पर शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
परतापुर इंडस्ट्रियल एस्टेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष निपुण जैन ने बताया कि फ्लाईओवर पर एक तरफ का लेन लंबे समय से बंद होने के कारण प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति बन रही है। इससे औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले उद्यमियों, कर्मचारियों, ग्राहकों तथा मालवाहक वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जाम के कारण उद्योगों की कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है तथा माल की समय पर आपूर्ति में भी बाधा आ रही है। एसोसिएशन ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश देने की मांग की है। उद्यमी मनोज शर्मा ने बताया प्रतिदिन लगने वाले जाम के कारण कर्मचारियों और मालवाहक वाहनों का समय बर्बाद हो रहा है। प्रशासन को इस समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए। उद्यमी हरिओम गोयल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में आने वाले ग्राहकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इससे उद्योगों की छवि पर भी असर पड़ रहा है। उदित जैन ने बताया कई बार ट्रकों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। इससे समय पर माल की डिलीवरी प्रभावित होती है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उद्यमी मुकेश गोयल ने कहा कि फ्लाईओवर निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त संसाधन लगाए जाने चाहिए ताकि जल्द से जल्द लोगों को राहत मिल सके। शेखर भार्गव ने कहा कि सुबह और शाम के समय बहुत ज्यादा दिक्कत रहती है। रात्रि में दुर्घटना भी संभावना बनी हुई हैं।