- कैली सहकारी समिति में प्राथमिक कृषि ऋण जागरूकता गोष्ठी का आयोजन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
खरखौदा। कैली सहकारी समिति में शुक्रवार को सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत प्राथमिक कृषि ऋण जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक अमित त्यागी तथा नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक भावना जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक अमित त्यागी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को विकास का मजबूत आधार बनाना और उनकी पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित करना है। उन्होंने सहकारी समिति के कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर समय से निस्तारित किए जाएं और यदि किसी कार्य का समाधान फोन पर संभव हो तो किसानों को कार्यालय के अनावश्यक चक्कर न लगवाए जाएं।
भावना जैन ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों और सहकारी समितियों के सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने कृषि अवसंरचना निधि, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, कृषि विपणन अवसंरचना तथा मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के तहत पात्र किसानों और समितियों को अनुदान, ब्याज सहायता तथा अन्य वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
इस मौके पर एडीओ कोऑपरेटिव रजनी चतुर्वेदी, जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक नितिन गुप्ता, देवेंद्र प्रधान, महेश त्यागी, दयानंद त्यागी, एमडी जयशंकर पांडेय, एमडी जन्म सिंह, दीपक शर्मा, शालू, विकास त्यागी, कपिल त्यागी आदि मौजूद रहे।