सरधना। मोहल्ला कुम्हारान में शनिवार को ऊर्जा निगम की टीम द्वारा केबल बदलने के दौरान लोगों ने हंगामा कर दिया। आरोप है कि विभागीय कर्मचारी लोगों की निजी केबल अपने कब्जे में लेने का प्रयास कर रहे थे। विरोध बढ़ने पर टीम को काम बीच में छोड़कर लौटना पड़ा।
मोहल्लेवासियों का कहना था कि उन्होंने अपने खर्च पर निजी केबल डलवाई हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में नहीं दिया जाएगा। लोगों ने विभागीय कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कर्मचारियों का घेराव कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक कहासुनी होती रही। सूचना मिलने पर सभासद पति कासिम अंसारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्या सुनने के बाद मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही। सभासद का कहना है कि लोगों को भरोसे में लिए बिना इस तरह की कार्रवाई करना उचित नहीं है। हंगामे के चलते उर्जा निगम की टीम बिना काम पूरा किए वापस लौट गई।