संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। सरकार द्वारा लगातार अवैध अतिक्रमण और कब्जों के खिलाफ अभियान चलाने के दावे किए जा रहे हैं लेकिन हस्तिनापुर में जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। यहां प्रशासनिक लापरवाही के चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। नगर पंचायत द्वारा कस्बे में बाजार के मुख्य मार्ग करोड़ों रुपये की लागत से पांच मीटर चौड़ा कराया गया था। इस मार्ग पर अतिक्रमण के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
मुख्य बाजार में सड़क के दोनों ओर व्यापारियों ने दुकानों के बाहर सामान फैला दिया है। शेड और अस्थायी निर्माण कर अवैध अतिक्रमण कर लिया है। इस कारण पांच मीटर चौड़ी सड़क अब फिर से संकरी हो गई है। स्थिति यह है कि दोपहिया और चारपहिया वाहन आमने-सामने आने पर फंस जाते हैं, जबकि पैदल चलने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी आकाश, कपिल, अमनपाल आदि लोगों का कहना है कि बाजार में दिन के समय अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को निकलने में दिक्कत होती है। वहीं आपात स्थिति में एंबुलेंस या फायर ब्रिगेड के पहुंचने में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है। लोगों का आरोप है कि कई बार नगर पंचायत को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नागरिकों ने मांग की है कि नगर पंचायत तत्काल अतिक्रमण हटवाकर सड़क को उसके मूल स्वरूप में लाए, ताकि जनता को राहत मिल सके और सरकारी धन का सही उपयोग साबित हो।
अभियान चलाकर हटाया जाएगा अतिक्रमण
अगर मुख्य मार्गों पर अवैध अतिक्रमण किया गया है तो नगर पंचायत की टीम को हटाने के लिए निर्देशित किया जाएगा। -संतोष कुमार, एसडीएम, मवाना