मेरठ। हाईकोर्ट के आदेश पर आज सोमवार को भगत सिंह मार्केट और हापुड़ अड्डे के अतिक्रमण पर नगर निगम का हथौड़ा चलेगा। इसके लिए नगर निगम ने पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस और पीएसी के मिलने के बाद अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
हाईकोर्ट ने जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी से भगत सिंह मार्केट और हापुड़ अड्डा के अतिक्रमण पर कार्रवाई का जवाब 14 दिसंबर तक मांगा है। इसके चलते जिला प्रशासन और नगर निगम में हड़कंप मचा हुआ है। कोर्ट की अवमानना कार्रवाई से बचने के लिये नगर निगम ने भगत सिंह मार्केट में ऐलान करके और नोटिस चस्पा करके व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दे दी है। सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की पूरी तैयारी भी कर ली है। इसके लिए नगर निगम के संपत्ति विभाग और प्रवर्तन दल ने कमर कस ली है। एसएसपी से पुलिस और पीएसी देने की मांग की गई है। सोमवार को पुलिस फोर्स मिलते ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया जाएगा। इस बारे में प्रवर्तन दल अधिकारी सेवानिवृत्त कर्नल राजकुमार बालियान ने बताया कि निगम की तैयारी पूरी है। पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमण हटाया जाना है।