एसडीएम ने ली स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। तहसील सभागार में स्वास्थ्य विभाग की तहसील टास्क फोर्स की बैठक में एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने 70 वर्ष की आयु वालों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा। साथ ही जो लोग टीकाकरण नहीं कराते हैं उनके लिए ग्राम प्रधान और राशन डीलर का सहयोग लेने का आह्वान किया।
बैठक में एसडीएम ने बताया कि सीएचसी पर आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। 70 वर्ष की उम्र वाले ऐसे लोगों जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, उनको कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित करें। शिक्षा विभाग, सीडीएस, आंगनबाडी के माध्यम से इसका प्रचार कराया जाए। वर्तमान में सभी ब्लाकों में टीका उत्सव कार्यक्रम चल रहा है। इसमें उन बच्चों को चिह्नित कर टीकाकरण किया जा रहा है जो बच्चे किसी कारण से पेंटा 123, एमआरआई, एमआरटू की डोज से वंचित रह गए हैं।
राष्ट्रीय कार्यक्रम नियमित टीकाकरण के अंतर्गत सभी ब्लाकों में 0-2, 5 वर्ष, 10 वर्ष व 16 वर्ष पर बच्चों को 12 जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण किया जाता है। एसडीएम ने बताया कि अकबरपुर सादात, फलावदा, बडा गांव, मवाना खुर्द, बिसौला, भैंसा, नागौरी, अस्सा, खालिदपुर, खाता व सकौती गांव में 235 ऐसे परिवार हैं जो टीकाकरण नहीं कराते हैं। इसमें से 77 बच्चों का ब्लाक टीम ने टीकाकरण करा दिया है। शेष का टीकाकरण कराने के लिए ग्राम प्रधान, राशन डीलर व ग्राम प्रतिनिधि से सहयोग लेने के आदेश दिए। बैठक में सीएचसी प्रभारी डाॅ. अरुण कुमार, तहसीलदार निरंकार सिंह, डाॅ. गुफरान, देवेंद्र कुमार, प्रीति मित्तल, रामेश्वर दयाल, अजय कुमार, नीतू, हरिदास आदि उपस्थित रहे।