वहीं मंगलवार को शहर में अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक के बाद एक पांच लोगों से मोबाइल फोन और दो महिलाओं से पर्स लूट लिए थे। रेलवे रोड क्षेत्र में ईदगाह चौराहे पर पब्लिक ने बदमाशों को दौड़ा लिया। इस दौरान रेलवे रोड पुलिस से हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश सलमान के पैर में गोली लगी थी, जबकि उसका साथी फरमान फरार हो गया था। घायल बदमाश को मेडिकल अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया था।
नौचंदी और मेडिकल इलाके में सुबह 10 से 11 बजे के बीच मोबाइल और पर्स लूट की ये सातों वारदात हुई थीं। लाल रंग की बाइक पर भागते इन बदमाशों को पकड़ने के लिए सिटी पुलिस कंट्रोल रूम से मेसेज फ्लैश हुआ तो शहर के सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस सड़कों पर उतर आई। एएसपी कैंट सतपाल सिंह के अनुसार ये बदमाश थापर नगर से होते रेलवे रोड की तरफ भागे, जिसके चलते एसओ रेलवे रोड को अलर्ट किया गया।
करीब 11:30 बजे बदमाशों का ईदगाह नाला रोड पर रेलवे रोड पुलिस से आमना-सामना हो गया। खुद को घिरता देख बाइक पर पीछे बैठे बदमाश सलमान पुत्र याकूब निवासी शालीमार गार्डन लिसाड़ी गेट ने पुलिस टीम पर पिस्टल से कई फायर किए। जवाबी फायरिंग में एक गोली सलमान के दाहिने पैर में लगी। दोनो बदमाश बाइक सहित नीचे गिर गए। इस दौरान पुलिस ने सलमान को दबोच लिया, जबकि उसका साथी फरमान निवासी समर गार्डन लिसाड़ी गेट कब्रिस्तान की ओर फरार हो गया था।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/