सरधना थानाक्षेत्र के गांव नंगला रोड पर शुक्रवार देर थाना पुलिस की 15 हजार के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने ईनामी बदमाश को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस बदमाश से पूछताछ में जुटी हुई थी। बदमाश ने सरधना क्षेत्र में कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। जिस पर सरधना व मुजफ्फरनगर के आठ मुकदमें दर्ज है।
नंगला आर्डर रोड पर शुक्रवार की देर शाम लूट की फिराक में खड़े बदमाश की जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसकी घेराबंदी कर दी। पुलिस को देख आरोपी बदमाश जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी में रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो एक गोली बदमाश के पैर में लग गई। पुलिस ने उसे धर दबोचा।
यह भी पढ़ें: ममता शर्मशार: नौ माह दर्द सहा, पैदा होते ही जुदा किया, डंपिंग ग्राउंड में बैग में तड़पती मिली 12 घंटे की मासूम
उसके पास से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस व बिना नम्बर की पैशन बाइक बरामद की है। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम मलकीत उर्फ अलकित पुत्र सुकेन्द्र निवासी अटेरना बताया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी ने बताया कि मलतीक काफी शातिर किस्म का 15 हजार का ईनामी बदमाश है। उस पर सरधना थाने के अलावा मुजफ्फरनगर में लूट के करीब 11 मुकदमें दर्ज हैं। लंबे समय से वह फरार चल रहा था।
पूछताछ में बताया कि कुछ दिन पहले मंढियाई के निकट हुई बाइक लूट की घटना को भी इसी ने अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि मलकीत के गैंग में एक दर्जन सदस्य हैं। जिनके बाद में जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। आरोपी बदमाश ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि क्षेत्र में उन्होंने कई लूट की वारदात को अंजाम दिया था।