सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव पाथौली में विद्युत पोल ठीक करने पहुंचे ऊर्जा निगम के कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों ने मारपीट कर दी। आरोपियों ने विद्युत तार भी छीन लिया। आरोपियों ने कर्मचारियों को गांव में घुसने पर धमकी दी है।
विद्युत उपकेंद्र करनावल के अवर अभियंता राजेश कुमार ने तहरीर में बताया कि विगत दिनों तूफान से टूटे पोल को ठीक करने के लिए शुक्रवार को गांव फतेहपुर फीडर के तकनीशियन ग्रेड 2 के साथ लाइनमैन दिनेश, प्रभु, इरफान, धर्मेंद्र, सुधीर, राहुल, अंकुर गांव पाथौली में गए थे। पोल ठीक करते समय गांव निवासी आरोपियों ने आकर उनके साथ गाली गलौज और मारपीट कर दी। आरोपियों ने ऊर्जा निगम की टीम से 100 मीटर तार भी छीन लिया। आरोपियों ने धमकी देकर टीम को मौके से भगा दिया।
उपकेंद्र पर पहुंचकर ऊर्जा निगम की टीम ने अवर अभियंता को घटना के बारे में जानकारी दी। अवर अभियंता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।