दौराला। केंद्र सरकार के लागू किए गए नए चार श्रम संहिता कानून के विरोध में बृहस्पतिवार को दौराला शुगर मिल के मुख्य गेट पर श्रमिक यूनियन ने कर्मचारियों के साथ धरना दिया। यूनियन पदाधिकारियों ने पुराना कानून लागू करने की मांग की।
यूनियन अध्यक्ष मेघ सिंह धामा के नेतृत्व में श्रमिकों ने एकजुट होकर धरना दिया। यूनियन मंत्री उपेंद्र कुमार ने कहा कि 25 दिसंबर 2025 को घोषित श्रम संहिता मजदूर विरोधी हैं और इससे श्रमिकों के अधिकार कमजोर होंगे। उन्होंने सरकार से इन श्रम संहिता को तत्काल निरस्त करने तथा पुराने सभी श्रम कानूनों को बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मजदूरों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। श्रमिकों ने हाथों में तख्तियां लेकर मिल गेट पर नारेबाजी की और एकजुटता का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने मैनेजमेंट को ज्ञापन सौंपा। संचालन उपेंद्र कुमार ने किया। इस मौके पर संजीव राणा, विपिन शर्मा, अरुण त्यागी, हरेंद्र सिंह, विजय धामा, रामवीर सिंह आदि मौजूद रहे।