मवाना शुगर मिल में गन्ना समिति की सामान्य निकाय की बैठक में बोले राज्यमंत्री
मवाना। मवाना शुगर मिल में गन्ना समिति की सामान्य निकाय की बैठक में राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि जब वह विधायक बने थे तो मिल पर किसानों का गन्ने का करोडों रुपया बकाया था। उस समय भी किसानों ने धैर्य से काम लेते हुए मिल का साथ दिया था। अब किसानों के गन्ने का भुगतान समय से मिल द्वारा किया जा रहा है। भुगतान के मामले में मवाना शुगर मिल नंबर वन है। मिल अधिकारी ने बताया कि नवंबर के प्रथम सप्ताह में मिल का पेराई सत्र शुरु हो जाएगा।
राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि मिल में नौकरी पर क्षेत्र के युवाओं को रखा जाए। उन्होंने इस बात को मिल के मालिक तक पहुंचाने के लिए मिल अधिकारियों से कहा। जो भी समस्या या सुझाव दिए गए हैं उनका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।
गन्ना समिति चेयरमैन विनोद भाटी ने कहा कि बीते चार साल से फैक्टरी में क्षेत्र के युवाओं को नौकरी पर रखे जाने के मुद्दे को उठाते आ रहे हैं लेकिन मिल प्रबंधन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। गन्ने का नया बीज गन्ना किसानों को मिल की ओर से निशुल्क दिया जाए। किसी किसान की कोई समस्या है तो मेले में पहुंचकर समस्या समाधान कराएं। यदि वहां समाधान नहीं होता है तो उनको अवगत कराएं। समाधान कराया जाएगा।
जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विमल शर्मा ने बैंक की योजनाओं से किसानों काे अवगत कराया। ब्लाक प्रमुख हस्तिनापुर नितिन पोसवाल ने गांव में लगने वाले क्रय केंद्रों पर बड़ी प्लेट लगवाने की मांग की। गन्ना समिति सचिव विक्रम बहादुर सिंह ने मिलों द्वारा दिए गए प्रस्तावों की जानकारी किसानों के समक्ष रखी।
मवाना शुगर मिल के वरिष्ठ गन्ना महाप्रबंधक प्रमोद बालियान ने कहा कि कुछ समय के लिए मिल की स्थिति दयनीय रही। क्योंकि उस समय चीनी और गन्ने के दाम में काफी अंतर था। इस कारण किसानों का भुगतान मिल उस दौरान समय से नहीं कर सकी। इस कारण उनके कुछ क्रय केंद्र अन्य मिलों को हस्तांतरित हो गए थे लेकिन किसानों के सहयोग से आज मिल अच्छी स्थिति में है।
उन्होंने अन्य मिलों को हस्तांतरित क्रय केंद्रों को वापस मवाना मिल को दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अब मिल समय से किसानों का गन्ना भुगतान कर रही है। किसानों के सहयोग के कारण ही मिल नंबर वन बन गई है। बीते पांच साल से मिल द्वारा किसानों को 4-5 करोड़ की सब्सिडी दी जा रही है। वर्तमान में मवाना मिल पर समिति की कोई कमीशन व किसानों का कोई गन्ना मूल्य बकाया नहीं है।
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि गन्ना समिति में चल रहे सट्टा मेले का किसान लाभ उठाएं। नए सदस्य बनने की अंतिम तिथि 30 सितंबर है।
टिकौला मिल के अधिकारी दिनेश कुमार, नंगला शुगर मिल के अधिकारी विवेक कुमार ने भी विचार रखे। बैठक में किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव लिखित में गन्ना समिति चेयरमैन को सौंपे।
गन्ना समिति सामान्य निकाय की बैठक में उपस्थित किसान। (मवाना)