सीसीएसयू में स्काउट-गाइड के जिला पदाधिकारियों की बैठक में लिए कई निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में सोमवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोवर-रेंजर गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर संगठन के विस्तार और युवाओं की सहभागिता बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश मयंक शर्मा, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त मेरठ मंडल अमित कुमार, विश्वविद्यालय जनपद मुख्यायुक्त डॉ. दुष्यंत कुमार चौहान, कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव एवं वित्त अधिकारी रमेश चंद्रा सहित विभिन्न जनपदों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कुलसचिव एवं वित्त अधिकारी को स्काउट स्कार्फ भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद संगठन आयुक्तों एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्तों के साथ विचार-विमर्श सत्र हुआ, जिसमें रोवर-रेंजर गतिविधियों के प्रभावी संचालन, अधिकाधिक नवीनीकरण एवं पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा प्रादेशिक मुख्यालय के निर्देशों के समयबद्ध अनुपालन पर चर्चा की गई।
संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त मयंक शर्मा ने चीफ कमिश्नर फैलोशिप, युवा तरंग महोत्सव, बीएसजी छात्रवृत्ति योजना, वाद-विवाद प्रतियोगिता और उत्तर प्रदेश स्काउट केयर के अंतर्गत ब्लड डोनर डायरेक्टरी निर्माण अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के सुझाव दिए। इस अवसर पर गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत, गौतमबुद्ध नगर एवं मेरठ जनपद के जिला संगठन आयुक्त, जिला प्रशिक्षण आयुक्त तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।