मवाना। गांव सठला के ग्रामीणों ने पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर गांव ढिकौली के सामने परीक्षितगढ़ मार्ग पर नाले के ऊपर सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता को भेजे पत्र में बताया कि गांव ढिकौली के सामने परीक्षितगढ़ व मवाना मार्ग पर पीडब्लूडी की सड़क के नीचे शुगर मिल का नाला गुजर रहा है। परंतु सड़क के किनारे न तो कोई सुरक्षा दीवार बनी है और न ही कोई सपोर्ट लगी हुई है। इस कारण वहां से गुजरने वाले वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होकर नाले में गिरने का खतरा हमेशा बना रहता है। खासकर रात या बारिश के समय हादसे की संभावना बहुत अधिक बढ़ जाती है। जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उक्त स्थान पर शीघ्र सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की है। पत्र भेजने वालों में साजिद खान, पूर्व प्रधान राहुल, सरजीत, यूसुफ, फैसल, आमिर, शादाब आदि थे।