मेरठ। कोरोना वायरस का हमला दिनोंदिन तेज होता जा रहा है। मेरठ में संक्रमण के चपेट में आए एक और व्यक्ति की रविवार को मौत हो गई। उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। मौत के बाद आई पॉजिटिव रिपोर्ट से मेडिकल कॉलेज में खलबली मच गई। कोरोना से मेरठ में यह सातवीं मौत है।
किदवई नगर, इस्लामाबाद निवासी आरिफ (58) कपड़े का काम करते थे। लॉक डाउन की वजह से काम बंद पड़ा था। बेटे ने बताया कि वह सांस के मरीज थे। कुछ दिन से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। तीन दिन से तबीयत ज्यादा खराब थी। शनिवार रात करीब आठ बजे उन्हें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। रात करीब एक बजे उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। रविवार को उनकी कोरोना की जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे मेडिकल कॉलेज में खलबली मच गई। प्राचार्य डॉ आरसी गुप्ता ने बताया कि अब मेडिकल इमरजेंसी में आने वाले हर मरीज का एहतियातन कोरोना टेस्ट कराया जाता है। इमरजेंसी का स्टाफ पूरी प्रोटेक्शन के साथ कार्य करता है। अलग से संदिग्ध मरीजों के लिए वार्ड बनाया हुआ है। जिस वार्ड में आरिफ भर्ती थे, उसे बंद करा दिया गया है। 48 घंटे बाद चालू करा दिया जाएगा। वार्ड को सैनिटाइज कराया गया है। वहां रहे अन्य मरीज और इनके संपर्क में आए चिकित्सीय स्टाफ को भी क्वारंटीन कर दिया गया है। परिवार वाले और संपर्क में आए लोगों को भी स्वास्थ्य विभाग क्वारंटीन कर उनकी जांच कराएगा।
संक्रमितों की संख्या 119
मृतक आरिफ के अलावा रविवार को मेरठ में दो और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। एक व्यक्ति जैदी फार्म हाउस और दूसरा नया बाजार का रहने वाला है। मेरठ में अब संक्रमितों की संख्या 119 पहुंच चुकी है। जिसमें 54 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, सात की मौत हो चुकी है।