संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मोदीनगर में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को एलिट क्रिकेट एकेडमी मेरठ और डबास क्रिकेट एकेडमी के बीच मैच खेला गया। इसमें एलिट क्रिकेट एकेडमी ने 281 रन से विशाल जीत प्राप्त की।
एलिट क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 40 ओवर में 366 रन बनाए। इसमें विश्व कुमार की आतिशी पारी देखने को मिली। तीसरे नंबर पर बैटिंग करने आए विश्व कुमार ने नाबाद 209 रन बनाए। विनय ने भी नाबाद 83 रन बनाए। दोनों के बीच में पांचवें विकेट के लिए 280 रन की साझेदारी हुई।
डबास क्रिकेट एकेडमी की गेंदबाजी में दीप वोहरा ने तीन विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी डबास क्रिकेट एकेडमी की टीम मात्र 85 रन पर ऑलआउट हो गई। एलिट क्रिकेट एकेडमी की गेंदबाजी में शुभम नागर ने तीन विकेट लिए और अक्षित व निखिल कुमार ने 2-2 विकेट लिए। इस तरह से एलिट क्रिकेट एकेडमी ने यह मैच 281 रन से जीत लिया। विश्व कुमार को उनके ताबड़तोड़ पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। एलिट क्रिकेट एकेडमी के कोच अखिल कुमार और नितिन चौधरी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।