कचहरी परिसर में स्थित नानक चंद सभागार में आयोजित कवि सम्मेलन में मौजूद अधिवक्तागण। .........
बार एसोसिएशन मेरठ और हम ख्याल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर कचहरी पंडित नानक चंद सभागार में कवि सम्मेलन व मुशायरा का आयोजन हुआ। इस दौरान हास्य के पुरोधा कहे जाने वाले कवि अरुण जैमनी ने मिल के जीवन से उम्र हम तमाम करते हैं, दर्द को भूलने का इंतजाम करते हैं... सुनाया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुकम कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित किया। कवयित्री कोमल रस्तोगी ने होंठों पे सदा मीठी सी मुस्कान को रखना, छोटों के मान बड़ों के सम्मान को रखना... रचना सुनाई। शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता गजेंद्र धामा ने चौधरी चरण सिंह के संस्मरण सुनाए।
कवि नीतिश कुमार नितीश ने ये शोहरत कुछ दिनों की है किसे फिर आएगी, मेरा दावा है दुनिया बात सारी भूल जाएगी... सुनाया। मेरठ बार के अध्यक्ष संजय शर्मा और महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने सभी कवियों और अतिथियों को सम्मानित किया। कवि सम्मेलन का संयोजन और संचालन इरशाद बेताब ने किया। प्रसिद्ध शायर वाजिद मेरठी ने तिरंगे के ही रंगों से तो है पहचान ऐ वाजिद, इन्हीं रंगों के मिलने से तो हिंदुस्तान बनता है... सुनाकर दर्शकों में देशभक्ति की अलख जगाई। इंकलाबी शायर बिलाल सहारनपुरी ने मैं अपने घर के उस कमरे को हिंदुस्तान कहता हूं, जहां गीता के बिल्कुल पास में कुरआन कुरान रखी है... सुनाया। कार्यक्रम में शायर निकहत अमरोहवी, मुजफ्फरनगर से आए शायर खुर्शीद, दिल्ली से आईं कवयित्री खुशबू शर्मा ने भी अपनी रचनाएं सुनाईं। कार्यक्रम में संजय शर्मा, राजेंद्र सिंह राणा, अब्दुल जब्बार खान, अशोक शर्मा, कुंवरपाल शर्मा, मांगेराम, राजपाल, परवेज आलम, बृजभूषण गर्ग, अमित राणा, अमित दीक्षित आदि रहे।