फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजनौर: हाथियों के झुंड ने बस पर अचानक किया हमला, बाल बाल बची 15 कर्मचारियों की जान

Mon, 16 Dec 2019 02:39 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
elephant - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बिजनौर के कालागढ़ में रामगंगा बांध क्षेत्र में पावर हाउस कर्मचारियों की शिफ्ट लेकर जा रही बस पर हाथियों ने हमला कर दिया। जिससे बस में सवार कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। कर्मचारियों ने किसी तरह शोर शराबा कर हाथियों को जंगल में खदेड़ा गया।

विज्ञापन


रविवार दोपहर 1:30 बजे हाईड्रिल कॉलोनी से शिफ्ट बस पॉवर हाउस के लिए चली। शिफ्ट बस में सहायक अभियंता राम सिंह के साथ 15 कर्मचारी सवार थे। बस को चालक धर्मेंद्र एवं परिचालक रमेश लेकर जा रहा था। जैसे ही बस मुख्य बांध के शेर नाला नंबर एक और दो के बीच पहुंची तो वहां सड़क पर 7-8 हाथियों का एक झुंड आ गया। इनमें से चार हाथी बस की ओर दौड़ पड़े। झुंड में हाथी के दो बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

हाथियों को बस की ओर आता देखकर बस में सवार अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। दहशत और अफरातफरी के माहौल में किसी तरह शोर मचाकर उन्होंने हाथियों को जंगल में खदेड़ दिया।

इसके बाद कर्मचारी पॉवर हाउस की ओर रवाना हुए। बस स्वामी प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि आए दिन रामगंगा बांध क्षेत्र में हाथियों के झुंड सरकारी वाहनों का पीछा कर रहे हैं। घटना की सूचना वन क्षेत्राधिकारी को दी गई, लेकिन मौके पर कोई भी गश्ती दल नहीं पहुंचा।

सुबह, शाम और रात्रि में मुख्य बांध एवं पावर हाउस पर कर्मचारियों की शिफ्ट जाती है। ऐसे में न तो वाहनों में सुरक्षित हैं और न ही बांध क्षेत्र में वन विभाग के गश्ती दल गश्त करते हैं। इन हालातों में कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना बांध क्षेत्र में घट सकती है। इस संबंध में बार बार उच्चाधिकारियों से सुरक्षा की मांग की जा रही है। लेकिन बांध के मार्गों पर कहीं भी सुरक्षा नहीं है।
विज्ञापन

असुरक्षित होते बांध क्षेत्र के मार्ग अब कर्मचारियों के लिए खतरनाक होते जा रहे हैं। कर्मचारियों और बस चालकों परिचालकों ने बांध क्षेत्र में सशस्त्र गश्ती दलों व सुरक्षकों से गश्त करने की मांग की है।

इससे पूर्व सैंडिल बांध मार्ग पर मीरा स्रोत के निकट, पावर हाउस बांध मार्ग के निकट, शहीद स्मारक के निकट हाथी वाहनों पर हमले कर चुके हैं। रामगंगा उद्यान के निकट हाथी बसों को दौड़ा चुके हैं। आज का ताजा मामला बस चालकों और परिचालकों के लिए नई मुसीबत लेकर आ गया है।

रामगंगा बांध परियोजना के अधिशासी अभियंता शेर सिंह का कहना है कि इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से गश्त कराने को कहा गया है। ताकि बांध क्षेत्र में वन्यजीवों से कर्मचारियों की सुरक्षा हो सके। 

कालागढ़ वन क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार भट्ट का कहना है कि सिंचाई विभाग से पत्र मिलने के बाद इस पर कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए शीघ्र ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें