मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत साकेत के पास यूनिवर्सिटी रोड पर सड़क पार कर रही वद्ध महिला कमला देवी (75) की बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। सिविल लाइन पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर कंकरखेड़ा सरधना रोड निवासी बाइक चालक अभिषेक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, पांडव नगर निवासी कमला देवी साकेत कॉलोनी में घरों में काम करती थी। बुधवार शाम को वह साकेत कॉलोनी से अपने घर जा रही थी। यूनिवर्सिटी रोड पर एलआईसी कट के पास सड़क पार करते समय बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। सर में चोट लगने से वह मौके पर ही अचेत हो गई। बाइक सवार और अन्य लोग उसे पास के ही एक नर्सिंग होम में ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन और सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। बाइक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि हादसे के संबंध में परिजनों की ओर से देर रात तक तहरीर नहीं आई थी। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।