मेरठ। परतापुर के मेरठ साउथ रैपिड स्टेशन पर जरीफ चक्कर आने के बाद एस्केलेटर से फिसलकर नीचे आ गिरे। गंभीर रूप से घायल हुए जरीफ को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। गर्दन की हड्डी टूटने और सिर में गंभीर चोट के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि कंचनपुर घोपला निवासी 65 साल के जरीफ शुक्रवार शाम दिल्ली जा रहे थे। रैपिड स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए एस्केलेटर के जरिए ऊपर जा रहे थे। इस दौरान जरीफ को चक्कर आ गया। वह पीछे की ओर गिर गए। अन्य लोगों ने उन्हें सभांलने का प्रयास किया लेकिन वह एस्कलेटर से लुढ़कते हुए नीचे आ गिरे। रैपिड स्टेशन पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर जरीफ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जरीफ की जेब से मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी। जरीफ के तीन बेटे आमिर, आरिफ और आसिफ हैं। पत्नी समीना का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।