शेरकोट। थानाक्षेत्र के ग्राम नूरपुर छिपरी में स्कूल जा रहे छात्र आठ साल के छात्र शैफान की कार की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि कार सवार दो महिलाएं भी घायल हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
ग्राम नूरपुर छिपरी निवासी शहजाद ने बताया कि सोमवार को उसके दो पुत्र रिहान और शैफान स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय हरेवली की ओर से आ रही एक कार ने शैफान को टक्कर मार दी। हादसे में शैफान गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। उधर हादसे में कार सवार दो महिलाएं भी घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शैफान दो भाइयों में छोटा था। मासूम की सड़क हादसे में मौत की घटना से परिवार और ग्रामीणों में शोक व्याप्त है।