मुजफ्फरनगर में दो कारों की आमने सामने की जबरदस्त भिड़ंत में महिलाओं और बच्चों सहित आठ लोग घायल हो गए। एक कार में सवार लोग खतौली के रहने वाले हैं। जबकि दूसरी कार में शाहदरा-दिल्ली से महिलाएं और बच्चों सहित छह लोग हरिद्वार जा रहे थे।
शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर भैंसी कट से पहले जीटी रोड पर ईंट भट्ठे के पास किसी बाइक सवार को बचाने के चक्कर में दो कारों की भिड़ंत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कारों से बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक एक कार में शाहदरा-दिल्ली के मोहन गार्डन निवासी संजय कुमार खंडेलवाल पुत्र बाल स्वरूप, उनकी मां विमल खंडेलवाल, पत्नी रेनु खंडेलवाल, तीनों पुत्र ध्रुव, तनिष्क व इसान गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार यह परिवार हरिद्वार में जा रहा था। दूसरी कार में नगर के मोहल्ला लाल मोहम्मद निवासी गुलजार पुत्र हाजी शब्बीर व मोहल्ला काजियान निवासी आसिफ पुत्र मोहम्मद नाजिम भी घायल हो गए। ये दोनों कार सवार हाईवे पर स्थित एक होटल से कार से घर लौट रहे थे। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को रेफर कर दिया गया।
एयर बैग खुलने से जान बची
आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत में दोनों कारों के एयर बैग खुल गए थे। जिससे दो कारों में सवार लोगों की जान बच गई। अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। शाहदरा-दिल्ली के रहने वाले एक ही परिवार के सभी लोगों के पैरों में चोट आई हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/