कैराना सीएचसी पर मृतक युवती व किशोरी के बारे में जानकारी लेती पुलिस-संवाद
शामली/कैराना। गंगा दशहरा पर यमुना में स्नान करते समय पानीपत निवासी एक व्यक्ति और सात युवक-युवतियां यमुना के गहरे पानी में डूब गए। शोर मचाने पर गोताखोरों ने यमुना से कड़ी मशक्कत के बाद पांच को सकुशल बाहर निकाल लिया। जबकि दो ममेरी बहन व एक किशोर में पानी की गहराई में जाने से मौत हो गई। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शवों को अपने साथ हरियाणा ले गए।
रविवार को गंगा दशहरा पर हरियाणा के जनपद पानीपत के थाना मतलौड़ा के गांव कुराना निवासी सुल्तान व गांव कुटला निवासी सुरेश का परिवार यमुना में स्नान करने के लिए आया था। सुल्तान व सुरेश आपस में रिश्तेदार हैं। दोपहर करीब दो बजे दोनों के परिवार के सदस्य यूपी की ओर यमुना में नहा रहे थे। इसी दौरान 18 वर्षीय आशु, 13 वर्षीय स्नेहा, 20 वर्षीय नीरू, 18 वर्षीय मुस्कान, 15 वर्षीय अमन, 12 वर्षीय आर्यन व 50 वर्षीय नरेंद्र यमुना में एक दूसरे का हाथ पकड़ कर नहाने लगे। इस दौरान आर्यन का पैर फिसल गया और वह यमुना में डूबने लगा। आर्यन को बचाने के चक्कर में सभी यमुना में डूबने लगे। अन्य लोगों के शोर मचाने पर गोताखोरों ने यमुना में छलांग लगा दी। इस दौरान गोताखोरों ने नरेंद्र और चार बच्चों को सकुशल यमुना से बाहर निकाल लिया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोर 18 वर्षीय आशु व 13 वर्षीय स्नेहा के शव ही यमुना से निकाल सके। दोनों आपस में ममेरी बहन थी। ममेरी बहनों की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया।
मौके पर परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इंकार करने पर पुलिस ने दोनों के शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके एक घंटे बाद ही यमुना में नहाते समय पानीपत के जाटल रोड निवासी रमेश का 14 वर्षीय पुत्र केशव डूब गया। गोताखोरों ने केशव को बचाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर बाद गोताखोर केशव के शव को ही यमुना से बाहर निकाल सके। बाद में परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही केशव के शव को अपने साथ पानीपत ले गए।
सीओ अमरदीप मौर्य ने बताया कि यमुना में डूबने से दो ममेरी बहन व एक किशोर की मौत हो गई। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शवों को अपने साथ ले गए।
कैराना सीएचसी पर मृतक युवती व किशोरी के बारे में जानकारी लेती पुलिस-संवाद