शाही जामा मस्जिद में ईद की नमाज सात बजे होगी
शाही जामा मस्जिद में ईद उल फितर की नमाज सुबह सात बजे अदा होगी। शहरकाजी जैनुस साजिद्दीन नमाज अदा कराएंगे। हापुड़ रोड स्थित जुबैदा मस्जिद में कारी शफीकुर्रहमान कासमी ईद की नमाज अदा कराएंगे। इसके अलावा शहर की अन्य मस्जिदों व घरों में 7 से 10 बजे के बीच ईद की नमाज अदा की जाएगी।
कोविड नियमों की अनदेखी, जमकर हुई खरीदारी
पुलिस प्रशासन और उलमा की अपील के बावजूद कोविड नियमों का ताक पर रखकर ईद के लिए दुकानों पर खरीदारी की गई। दुकानदारों ने मुख्य बाजारों को छोड़कर गली मोहल्लों में स्टॉल लगाए। यहां दिन और रात में खूब खरीदारी हुई। सोहराबगेट के पास एक गली का फोटो वायरल हुआ। इसमें चांद रात में देर रात तक बाजार खुला नजर आ रहा है। दुकानदारों ने रोशनी के लिए बड़ी लाइटें लगा रखी हैं।
इसके अलावा लिसाड़ी रोड पर ग्राहकों ने खूब खरीदारी की। दुकानदारों में न पुलिस का खौफ न किसी कार्रवाई का डर दिखा। दुकानदार 10-15 ग्राहकों को अंदर दुकान में लेकर बाहर से शटर बंद कर सामान बेचते रहे। लिसाड़ीरोड पर बाजारों में खासी भीड़ देखने को मिली। वहीं मुस्लिम क्षेत्र इस्लामाबाद, किदवईनगर, जाकिर कॉलोनी, हुमायूं नगर, श्यामनगर, लखीपुरा, चाहरदीवारी इस्लामाबाद सहित अन्य क्षेत्रों में खूब रौनक देखने को मिली।