सीसीएसयू में चल रहे योग शिविर में साधकों को कमर दर्द से राहत पाने के योग सिखाए
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के योग विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित नित्य योग शिविर के आठवें दिन योगाचार्य अमरपाल ने साधकों को योग के आध्यात्मिक और व्यावहारिक पक्षों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अहंकार मानव जीवन का सबसे बड़ा शत्रु है, जबकि ज्ञान उसका सबसे बड़ा मित्र है।
योगाचार्य अमरपाल ने बताया कि योग मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए शरीर और मन की शुद्धि आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण कमर दर्द, गर्दन दर्द, मोटापा और मानसिक तनाव जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। साधकों को कमर दर्द से राहत देने वाले विभिन्न योगाभ्यासों की जानकारी दी गई और नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया गया।
योग सत्र का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और प्रार्थना के साथ हुआ। इसके बाद साधकों ने सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार, बद्धकोणासन, नाड़ी शोधन प्राणायाम और भ्रामरी प्राणायाम सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस अवसर पर डॉ. शालिनी धामा, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. विवेक त्यागी, अंजू मलिक, डॉ. कमल शर्मा, आकाश तोमर, ज्योति सिंह, पुष्पेंद्र यादव, नंदिनी, राकेश कुमार और अरुण सिसोदिया सहित अनेक योग साधक एवं विभागीय सदस्य उपस्थित रहे।