संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। मेरठ-पौड़ी एनएच- 34 स्थित कोहला गांव के पास सोमवार दोपहर को किसी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान विशाल (20) पुत्र सतीश निवासी मोड़ खुर्द के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब एक बजे विशाल बाइक से मेरठ की ओर जा रहा था। रास्ते में कोहला गांव के पास एनएच-34 पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार से किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विशाल उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने से लहूलुहान हो गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर गंभीर रूप से घायल को मवाना सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विशाल को मृत घोषित कर दिया।
विशाल के पिता सतीश की चार साल पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। वह अविवाहित और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता की मौत के बाद परिवार का पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी। वह खेती बाड़ी करके जैसे तैसे परिवार का पालन पोषण कर रहा था। छोटे भाई क्रश व उसकी तीन बहनों का रो-रो पर बुरा हाल है।
सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वाहन की तलाश की जा रही है। एनएच पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी