- वेस्टर्न यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स में हुई संगोष्ठी में बोले लेफ्टिनेंट कर्नल
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। वेस्टर्न यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से सोमवार को बॉॅॅम्बे बाजार चैंबर भवन में लीडरशिप इनसाइट्स फॉर बिजनेस लीडर्स विषय पर संगोष्ठी की गई। इसमें मुख्य वक्ता भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष कुमार शर्मा ने कहा कि व्यापारिक सफलता के लिए भी प्रभावी नेतृत्व जरूरी है।
उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार का पद नहीं है बल्कि सत्यनिष्ठा, निरंतरता और स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर लोगों का विश्वास जीतने की कला है। उन्होंने कहा कि एक सफल नेता अनिश्चित परिस्थितियों में भी साहसिक निर्णय लेता है। मजबूत टीम का निर्माण करता है। लोगों के विकास में निवेश करता है। सफलता और असफलता दोनों से सीखने की आदत विकसित करता है।
लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा ने भारतीय सेना के अपने अनुभवों के बारे में भी बताया। प्रभावी नेतृत्व की नींव आत्म जागरूकता में होती है। व्यक्ति के दैनिक आचरण में दिखाई देती है। उन्होंने चुनौतियां स्वीकार करने और विश्वास आधारित संबंध विकसित करने पर जोर दिया। स्थायी सफलता तभी मिलती है जब जागरूकता के साथ व्यवहार किया जाए।
अध्यक्षता चैंबर अध्यक्ष डॉ. बृजभूषण अग्रवाल ने की। उन्होंने लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष कुमार शर्मा को सम्मानित किया। चैंबर के सचिव कपिल गहलोत ने बताया कि सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर संरक्षक डॉ. रामकुमार गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय गुप्ता, कनिष्ठ उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता आदि लोग रहे।