हस्तिनापुर सेंक्चुरी में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए एक अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश फोरेस्ट कारपोरेशन में ईको टूरिज्म के जनरल मैनेजर के प्रवीण राव ने सेंक्चुरी का दौरा यहां टूरिज्म की अपार संभावना बताई हैं। वन निगम ने पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था करने और घुमाने के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी है। सेंक्चुरी में आने वाले पर्यटकों के लिए लकड़ी के चार रेस्ट हाउस बनाए जाएंगे। एक रेस्ट हाउस बनाने में करीब 30 लाख रुपये की लागत आएगी।
प्रदेश में ईको टूरिज्म को चलाने और बढ़ाने की जिम्मेदारी सरकार ने वन निगम को सौंप रखी है। हस्तिनापुर सेंक्चुरी में एक दिन के ईको टूरिज्म को निगम पहले ही मंजूरी दे चुका है। आनलाइन बुकिंग के बाद यहां घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए क्या इंतजाम किए जाएं, फील्ड की स्थिति क्या है। किन बातों पर और ध्यान दिया जाना चाहिए, इन सवालों के साथ वन निगम के ईको टूरिज्म के जीएम के प्रवीण राव ने हाल में सेंक्चुरी का दौरा किया।