शहर में पुराने कमेले की भूमि पर कन्या इंटर कालेज में फर्नीचर की बजाय जमीन पर बैठकर शिक्षा ग्रहण करने, बीस बेड के अस्पताल पर काम शुरू नहीं होने, बुनकरों के प्रतिष्ठानों पर विद्युत विभाग द्वारा छापेमारी किए जाने का मामला शहर विधायक रफीक अंसारी ने विधान सभा में उठाया।
शहर विधायक ने विधान सभा में कहा कि बुनकरों को टारगेट करके बिजली विभाग छापेमारी कर रहा है। चेकिंग के नाम पर बुनकरों की कमर तोड़ी जा रही है। जनता के साथ भेदभाव की राजनीति बंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हापुड़ रोड पर पुराने कमेले की भूमि पर राजकीय कन्या इंटर कालेज का निर्माण किया गया। जिसमें बेटियां शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। लेकिन शिक्षा ग्रहण करने वाली बेटियों को फर्नीचर नसीब नहीं है। सभी बेटियां टाट पट्टी पर बैठकर शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। जिससे बेटी बढ़ाओ बेटी पढ़ाओ का सरकार का नारा भी धूमिल हो रहा है। रफीक अंसारी ने कमेले की भूमि पर प्रस्तावित 50 बेड के अस्पताल पर कोई काम नहीं होने की बात कही। साथ ही कहा कि ढाई साल के प्रयास के बाद अस्पताल के लिए धन तो सरकार से रिलीज हो गया। अस्पताल के लिए पर्याप्त जमीन भी है। लेकिन 50 बेड की जगह 20 बेड का अस्पताल कर दिया गया है। अभी तक अस्पताल निर्माण का काम भी शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने सदन में सरकार पर एकतरफा काम कराने के आरोप लगाए हैं।