तारापुर मार्ग पर डंपर से उड़ रही धूल स्रोत संवाद
पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग की लापरवाही लोगों के लिए बनी मुसीबत
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। इस समय खादर क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग की लापरवाही हजारों लोगों पर भारी पड़ रही है। सड़कों पर उड़ रही धूल लोगों के लिए मुसीबत बन रही है और प्रशासनिक अधिकारी जानबूझकर अनदेखी कर रहे हैं।
इस समय खादर क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नए गांव से मखदूमपुर तक संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। दोनों साइड मिट्टी निकाल कर किनारे पर लगाई गई है जहां से वाहनों के आवागमन से धूल उड़ रही है। इससे यहां आवागमन तो बाधित हो ही रहा है बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। इसी संपर्क मार्ग से गंगा तटबंध पर डंपर द्वारा मिट्टी की आपूर्ति की जा रही है। इसमें एक दर्जन से अधिक डंपर लगाए गए हैं जो लगातार इसी उधड़े हुए संपर्क मार्ग पर फर्राटा भर रहे हैं। यहां से उड़ रही धूल राहगीरों के लिए मुसीबत बन रही है।
स्थानीय ग्रामीण पंकज चौधरी, श्रीकिशन चौहान, राज सिंह आदि ने बताया कि तारापुर में वह अपनी दुकानों पर बैठते हैं और यह डंपर लगातार धूल उड़ाते हुए चल रहे हैं। पानी का छिड़काव न होने से अब बीमारियों का खतरा सता रहा है। इसकी शिकायत कई बार सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से की गई परंतु आज तक पानी का छिड़काव सड़क पर नहीं किया गया।
पानी छिड़काव के दिए गए थे निर्देश
संबंधित लोगों को पानी छिड़काव के निर्देश दिए गए थे अगर उसके बाद भी पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा तो कार्यवाही की जाएगी। -प्रमोद कुमार, एक्सईएन, सिंचाई विभाग