डंपर चालक से मारपीट, अवैध वसूली का आरोप किसान नेता पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन बीआर अंबेडकर के जिला अध्यक्ष मोहित सहित तीन लोगों पर डंपर चालक से मारपीट और अवैध वसूली का आरोप लगा है। भावनपुर थाना में बड़ला कैथवाड़ा निवासी मोहित तोमर ने इस संबंध में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मोहित तोमर ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वो बेसमेंट खुदाई का काम करते हैं। मंगलवार रात उनका मिट्टी का डंपर गोकलपुर से बेगमपुल साइट पर जा रहा था। आरोप है कि भारतीय किसान यूनियन बीआर अंबेडकर के जिला अध्यक्ष मोहित निवासी गांव किनानगर, वंश निवासी हसनपुर कदीम और फैजल निवासी गोकलपुर ने उसके डंपर का पीछा किया और तेजगढ़ी के समीप रोकते हुए उसके चालक के साथ मारपीट कर दी। साथ ही हफ्ता न देने पर डंपर सीज कराने की धमकी दी। उधर, भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष मोहित ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पुलिस पर खनन माफिया से सांठगांठ का आरोप लगाया। मोहित का दावा है कि भावनपुर थानाध्यक्ष ने उनके खिलाफ फर्जी केस दर्ज कराया है। उन्होंने अपनी उपस्थिति 13, 14 और 15 जुलाई को गाजियाबाद के एक होटल में बताई है। सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।