मेरठ में हापुड़ रोड पर सोमवार को बसपा सुप्रीमो मायावती की रैली से यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। पुलिस अफसरों के पास यातायात व्यवस्था का कोई प्लान नहीं था। जहां ड्यूटी लगाई थी, वहां खुद पुलिस जाम में फंसकर रह गई। बुलंदशहर हाईवे पर चौड़ीकरण कार्य के चलते पहले से दिक्कत थी। इसके बावजूद सिस्टम नहीं जागा। रैली खत्म होने के घंटों बाद तक हाईवे, बिजली बंबा बाईपास और पीवीएस रोड पर जाम लगा रहा।
पूर्व मुख्यमंत्री की रैली को लेकर पुलिस को पहले से अनुमान था कि रैली से पहले और बाद में जाम लग सकता है। रैली स्थल से एक किलोमीटर दूर पार्किंग बनाई गई थी। लेकिन रैली में आने वाले वाहन पार्किंग के अलावा सड़क और डिवाइडर पर भी खड़े कर दिए गए। हाईवे पर चौड़ीकरण के चलते वनवे व्यवस्था थी। इसके कारण भी जाम लगा। रैली खत्म होने के बाद हापुड़ रोड बंद सा हो गया। भवानी कोल्ड स्टोर से लेकर हाजीपुर मोड़ और बिजली बंबा चौकी तक वाहनों की कतार लग गई। हापुड़ की तरफ भी पांच किमी तक जाम लग गया। बिजली बंबा चौकी से लेकर एल ब्लॉक तिराहे तक जाम रहा। मेरठ-हापुड़ मार्ग पर जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट गये। एल ब्लॉक तिराहे से पीवीएस रोड पर भी जाम की समस्या रही। रैली में आईं कार और कुछ बसें लोहियानगर कट से पीटीएस रोड पर आने लगी। इससे वहां भी जाम लग गया। तेजगढ़ी चौराहा, विवि रोड पर भी वाहन फंसे रहे। कई घंटों बाद यातायात व्यवस्था सुचारु हो पाई।