शामली। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक शामली में चार दिन पहले डी फार्मा की परीक्षा के दौरान असली छात्र के स्थान पर दूसरे युवक के परीक्षा देने के मामले में पुलिस की जांच में कई बातें सामने आई हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र का रिश्तेदार था, जिसके कारण वह परीक्षा देने के लिए पहुंचा था।
राजकीय महिला पॉलीटेक्निक शामली की परिनिरीक्षक मोनिका चौहान की तरफ से शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि काॅलेज में 28 जून को डी फार्मा की सुबह की पाली में विषय कोड 0427 की परीक्षा थी। कक्षा संख्या तीन में उसकी व मोनिका की कक्ष परिनिरीक्षकों के रूप में ड्यूटी थी। इस पाली में रविंद्र पुत्र रमेश निवासी गोयला खुर्द जिला पानीपत हरियाणा की परीक्षा होनी थी। कक्ष में परीक्षा देने पहुंचे युवक के सत्यापन कार्ड पर हस्ताक्षर कराए गए तो वे फर्जी पाए गए। उसके एडमिट कार्ड, आधार कार्ड की फोटो से भी परीक्षा देने के लिए उपस्थित हुए युवक का मिलान भी नहीं हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम रवि पुत्र राजेश सैनी बापौली समालखा जिला पानीपत हरियाणा बताया गया। कॉलेज प्रबंधन की तरफ से आरोपी युवक रवि को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आया है कि आरोपी छात्र का रिश्तेदार है। कई दिन से वह छात्र के भी संपर्क में था। पहली बार ही किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था।