संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर सांसद ने उठाए कई मुद्दे
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना(बिजनौर)। संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि वे जिस नगीना लोकसभा क्षेत्र से आते हैं, वह विकास के क्षेत्र में बहुत पिछड़ा हुआ है। आज तक सरकार ने कोई आर्थिक पैकेज नहीं दिया। शिक्षा व चिकित्सा के मामले में भी बहुत पिछड़ा हुआ है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है, निजात दिलाने की मांग की।
आठ मिनट के भाषण में सांसद ने जनता से जुड़े हर मुद्दे पर बोलने का प्रयास किया। भारतीय सेना में दलितों के लिए अलग रेजिमेंट बनाने की मांग की। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना भी बहाल किए जाने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने अग्नि वीर योजना को हटाकर सेना में नई भर्ती शुरू किए जाने की भी वकालत की। कहा कि भाजपा के सबका साथ- सबका विकास के नारे खोखले हैं, जो केवल चुनावी लाभ के लिए दिए गए थे। निजी क्षेत्र में भी उनके समाज की हिस्सेदारी होनी चाहिए। कहा कि देश में सामाजिक न्याय तभी होगा, जब जाति जनगणना पूरी होगी।
उन्होंने संख्या के आधार पर वंचित लोगों का आरक्षण बढ़ाने की भी मांग की। कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष से अधिक हो गए, लेकिन आज भी एक बड़ी आबादी जन सुविधाओं से वंचित है। सरकार को इस तरफ भी ध्यान देना चाहिए।