- बेगमपुल व्यापार संघ ने ईमानदार कर्मचारियों को किया सम्मानित
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बेगमपुल व्यापार संघ द्वारा सोमवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सनराइज ड्राई क्लीनर्स के कर्मचारियों एवं दुकान मालिक को उनकी ईमानदारी के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि आज के दौर में भी ईमानदारी जिंदा है और यह घटना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
संगठन महामंत्री पुनीत शर्मा ने बताया कि जाकिर कॉलोनी के अनवर ने अपना एक कोट ड्राई क्लीन के लिए सनराइज ड्राई क्लीनर्स पर दिया था। ड्राई क्लीनिंग से पहले कर्मचारियों ने कोट की जांच की तो उसकी जेब से 4500 रुपये नकद तथा सोने के दो टॉप बरामद हुए। करीब कीमत 75 हजार रुपये बताई गई। कर्मचारी राम उपाध्याय, विपिन चौहान, सुमित गेरा, इकबाल, आदिल और आसिफ ने ईमानदारी दिखाते हुए सामान दुकान मालिक रतन सहगल को सौंप दिया। इसके बाद रतन सहगल ने ग्राहक अनवर से संपर्क कर पूरी जानकारी दी और उन्हें दुकान पर बुलाकर सारा सामान सुरक्षित वापस कर दिया। बेगमपुल व्यापार संघ के महामंत्री पुनीत शर्मा के हाथों सभी कर्मचारियों और दुकान मालिक को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अरुण रस्तोगी, मंत्री गौरव गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
-