नशेबाज ने गंगनहर में लगाई छलांग, लोगों ने बचाया
सरधना। अटेरना गंगनहर पुल पर बुधवार सुबह नशे में धुत युवक ने हंगामा किया। लोगों ने शांत कराने का प्रयास तो उसने गंगनहर में छलांग लगा दी। बमुश्किल लोगों ने उसे बचाया। अटेरना गांव निवासी राजेश (30) पुत्र कालू नशे में धुत होकर पुल पर हंगामा कर रहा था। लोगों ने उसे शांत कराने का प्रयास किया तो वह गाली गलौज करने लगा। अचानक ही नशेबाज युवक गंगनहर में कूद गया। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने उसे नहर से निकाला। कुछ देर बाद नशेबाज ने ईंट उठाकर सिर पर मार ली। इससे वह घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंचे एसओ समरबहादुर ने युवक को हिरासत में लेकर उसके परिजनों को बुलवाया। बाद में युवक को चेतावनी देकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
गंगनहर में कूदे वृद्ध का नहीं लगा सुराग
सरधना। गंगनहर में मंगलवार को कूदे 65 वर्षीय वृद्ध का बुधवार को भी सुराग नहीं लग सका। परिजनों ने स्थानीय तैराकों की मदद से वृद्ध की तलाश कराई। वहीं पुलिस मौके पर मूकदर्शक बनीं खड़ी रही। 24 घंटे बाद भी वृद्ध की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम नहीं बुलाई गई।
अटेरना गांव निवासी वृद्ध इंदर पुत्र स्वर्गीय समे सिंह ने गृहकलेश के चलते मंगलवार शाम गंगनहर में कूद गया था। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खानापूर्ति करके लौट गई। बुुधवार को वृद्ध के परिजन स्थानीय तैराकों को लेकर गंगनहर पुल पर पहुंचे। उन्होंने आठ से दस तैराक लगाकर इंदर की तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। थानाध्यक्ष समर बहादुर भी फोर्स के साथ गंगनहर पटरी पर पहुंचे और कुछ देर बाद लौट गए। देरशाम तक पुलिस प्रशासन की तरफ से गोताखोरों को नहीं बुलाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीण व स्थानीय पुलिस अपने स्तर से वृद्ध की तलाश में जुटी हैं। गोताखोर बुलाने के लिए रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी है।