- रविवार को थप्पड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। शहर में चल रहे ऐतिहासिक नौचंदी मेले में नौचंदी थाने के संविदाकर्मी फॉलोअर शिव कुमार द्वारा शराब के नशे में हंगामा करने और लोगों से अभद्रता करने का मामला सामने आया है। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात दरोगा द्वारा युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रविवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी।
नौचंदी मेले के नोडल अधिकारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार को नौचंदी थाने का फॉलोअर शिव कुमार शराब पीकर मेले में आया। वह शराब के नशे में मेले में मौजूद दुकानदारों व मेला देखने आए लोगों से अभद्र व्यवहार कर रहा था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक दरोगा ने उसे रोकने की कोशिश की। आरोप है कि फॉलोअर ने दरोगा के साथ भी बदतमीजी कर दी और हाथापाई का प्रयास किया। इसके बाद दरोगा ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ मारने का वीडियो एक युवक ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। रविवार को वीडयो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो करीब सात सेकंड का है, जिसमें दरोगा युवक को चार थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो अधिकारियों के पास पहुंचा। अधिकारियों ने वीडियो की जांच कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। नोडल अधिकारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया फॉलोअर की गलती सामने आई है। उसके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।