- बेकाबू कार दिल्ली रोड के नाले में गिरी, चालक घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड पर पुलिस के पिंक बूथ के सामने शुक्रवार को शराब के नशे में धुत टैक्सी चालक ने कार दौड़ा दी। तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से कई लोग बाल-बाल बचे। इस दौरान चालक कार समेत सड़क किनारे दिल्ली रोड के नाले में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी अंकित तोमर टैक्सी चलाता है। शुक्रवार को वह दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सवारियां लेकर मेरठ आया था। सवारियों को छोड़ने के बाद वह वापस दिल्ली लौट रहा था। इसी दौरान रिठानी में पुलिस के पिंक बूथ के सामने उसने शराब के नशे में धुत होकर अपनी कार गलत दिशा में मोड़ दी इसके बाद कार अनियंत्रित होकर दिल्ली रोड के नाले में जा गिरी। मौके पर मौजूद लोग घटना को देखकर दौड़े और किसी तरह चालक को नाले से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने कार को तेज रफ्तार में दौड़ा दिया। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों की ओर बढ़ी तो वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मची गई। कार से बचने के लिए कई लोग सड़क पर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि कार की चपेट में कोई नहीं आया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर नाले में जा घुसी।
हादसे के बाद राहगीरों ने किसी तरह कार के अंदर घुसकर चालक को बाहर निकाला। सूचना पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकलवाया। सीओ ब्रह्मपुरी रामप्रकाश ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी कार और चालक को निकाला गया। चालक को हल्की चोट आई है।