संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। गांव बातनौर के जंगल में किसान के खेत में काले रंग का ड्रोन कैमरा पड़ा मिला। ड्रोन में रंगबिरंगी लाइट जल रही थी। पुलिस ड्रोन जैसी वस्तु को अपने साथ ले गई।
गांव निवासी रामबीर, सुनील, कृपाल सिंह, अमित, गांव गुडंब निवासी अरुण गुर्जर, बिनोद गुर्जर, वेदप्रकाश आर्य, मुन्नू नेता, कालू, सेठपाल, सहकारी समिति के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र सिंह, सुभाष प्रधान, सतीश कुमार आदि ने बताया कि एक सप्ताह से उनके गांव के जंगल में ड्रोन कैमरा और बदमाशों के आने की आहट सुनाई दे रही है। पुलिस गांव में गश्त भी कर रही है, लेकिन क्षेत्र में फिर भी ड्रोन कैमरा और बदमाशों के डर के कारण जंगल में काम करने वाले किसानों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीण जंगलों में इकट्ठा होकर काम करने के लिए जाते हैं। बातनौर निवासी शुभम पुत्र कृपाल सैनी ने बताया कि सोमवार को वह अपने खेत में भिंडी तोड़ रहे थे। उन्हें खेत में काले रंग का ड्रोन कैमरा पड़ा दिखाई दिया। जिसमें लाल और हरी लाइट जल रही थी। पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खेत में पड़े ड्रोन कैमरे की जांच की। पुलिस ड्रोन जैसे उपकरण को अपने साथ ले गई। दरोगा राम प्रकाश का कहना है कि यह ड्रोन कैमरा नहीं है, एक प्लास्टिक का खिलौना है फिर भी मामले की जांच कराएंगे।