दौराला (मेरठ)। बफावत गांव स्थित शहद फैक्टरी पर डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) का छापा दूसरे दिन भी जारी रहा। टीम फैक्टरी परिसर में डटी हुई है और दस्तावेजों व सैंपलों की गहन जांच कर रही है।
डीआरआई टीम ने सूचना के आधार पर गांव के बाहरी छोर पर स्थित फैक्टरी पर सोमवार देर रात छापा मारा था। छापे के दौरान फैक्टरी को पूरी तरह अपने कब्जे में लेकर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी। मौके पर थाना दौराला पुलिस भी तैनात है और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है।
बताया गया कि फैक्टरी संचालक दीपक और शैलेंद्र यहां बड़े पैमाने पर शहद का उत्पादन कर सप्लाई करते हैं। टीम को उत्पादन प्रक्रिया और कच्चे माल को लेकर कुछ संदिग्ध जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी देने से इन्कार किया है। दूसरे दिन भी डीआरआई टीम सभी पहलुओं की बारीकी से जांच करने में जुटी रही। गांव में इस छापे के बाद तरह-तरह की चर्चाएं हैं।