मेरठ। शहर में संचालित ई-रिक्शा के चालकों के लिए जल्द ड्रेस कोड लागू होना चाहिए। वहीं दुर्घटना में घायल व्यक्ति को मदद पहुंचाने वाले को भी पुरस्कृत किया जाना चाहिए। बुधवार को हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह सुझाव सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने दिए।
विकास भवन सभागार में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुये सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने जनपदीय सड़क सुरक्षा कार्य योजना (रोड सेफ्टी प्लान) की पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने शहर की सड़कों पर भी चर्चा की।
सांसद ने कहा कि दिल्ली रोड, रुड़की रोड पर आगामी कार्यों को देखते हुए परिवहन की बेहतर व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस रेड लाइट का पालन कराए, 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को विद्यालयों में दुपहिया या चार पहिया वाहन ले जाने पर रोक लगनी चाहिए। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल और मेरठ दक्षिण विधायक डॉ सोमेंद्र तोमर ने भी कई सुझाव दिए।
आरटीओ डा. विजय कुमार ने बताया कि जल्द अवैध ई-रिक्शा पर कार्रवाई के लिए अभियान शुरू होगा। मेरठ में सड़क दुर्घटना में होने वाली मृत्यु में कमी आई है। इस दौरान डीएम के. बालाजी, सीडीओ ईषा दुहन, नगर आयुक्त मनीष बंसल, सीएमओ डा. अखिलेष मोहन, एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।