मेरठ। यूपी बोर्ड की 2021 की होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले के 117 स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बुधवार को परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी। इनमें कुछ ऐसे विद्यालयों को भी केंद्र बना दिया जहां सीसीटीवी नहीं हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने दस राजकीय स्कूल, 90 सहायता प्राप्त स्कूल एवं 17 स्ववित्त पोषित विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इनमें से शहर मेरठ में 63, मवाना तहसील क्षेत्र में 36 एवं सरधना तहसील क्षेत्र में 18 स्कूल हैं। पिछले साल यहां 101 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इस बार 87 हजार 297 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया हुआ है। माना जा रहा है कि अप्रैल-मई में परीक्षा हो सकती हैं। परिषद के निर्देश हैं कि बिना सीसीटीवी वाले विद्यालय को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जा सकता है। इसके बावजूद सूची में शामिल राठौरा खुर्द, डॉ. राममनोहर इंटर कॉलेज रार्धना आदि ऐसे हैं जिनमें सीसीटीवी नहीं हैं।
वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक गिरिजेश चौधरी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों का ऑनलाइन निर्धारण किया गया है। यदि किसी स्कूल की तरफ से कोई आपत्ति है तो 30 जनवरी तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में दर्ज कराई जा सकती है। सभी प्रधानाचार्यों को ई-मेल और व्हाट्सएप के जरिए सूचना भेजी गई है। उन्होंने बताया कि जिन विद्यालयों में सीसीटीवी नहीं लगे हैं या तो वहां लगाए जाएंगे। यदि ऐसा नहीं होगा तो उन्हें परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। इसकी सूचना माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजी जाएगी।