डा. दुष्यंत ने मयूरासन में बनाया विश्व कीर्तिमान
कंकरखेड़ा (मेरठ)। डा. दुष्यंत कुमार ने 1 मिनट 48 सेकेंड लगातार मयूरासन (योगा) की मुद्रा में रहकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है।
बुधवार को अंबेडकर रोड स्थित मॉडल टाउन में अपने निवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि 14 जून 2019 को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में ट्राई गर्त डिवाइन योग मेडिसन व नैचुरोपैथी सेंटर कांगड़ा द्वारा योगा में विश्व कीर्तिमान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें देश-विदेश से सैकड़ों प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। जिसमें कंकरखेड़ा मॉडल टाउन के रहने वाले डा. दुष्यंत कुमार ने भी प्रतिभाग कर मयूरासन में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। उन्होंने 1 मिनट 48 सेकेंड तक म्यूरासन की मुद्रा में रहकर विश्व कीर्तिमान बनाया।
उन्हें हिमाचल प्रदेश के शिक्षामंत्री सुरेश भारद्वाज द्वारा प्रोविजनल प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड यूएसए द्वारा इस रिकॉर्ड की गहनता से जांच की गई, जिसके बाद दुष्यंत कुमार के विश्व कीर्तिमान पर मोहर लगाई। रविवार को हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने डा. दुष्यंत को प्रशस्ति पत्र व शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि को प्राप्त करने पर दुष्यंत कुमार का लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान योगी अनुज कुमार, डा. संदीप चौधरी, विक्रांत गौतम, अरुण बंसवाल, रेनू सिंह, कृष्ण पाल सिंह, अरविंद सिंह, आरव, यशपाल सिंह व सचिन सिंह आदि मौजूद रहे।