सेहत का हाल जानने घर-घर पहुंचेंगी टीमें
मेरठ। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका और डेंगू के हमले के चलते स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। स्वास्थ्य विभाग अब घर-घर जाकर लोगों के सेहत की पड़ताल करवाएगा। इसके लिए ब्लॉकवार टीमें गठित की जाएंगी। यह टीमें विभिन्न बीमारियों से ग्रस्त लोगों को चिह्नित करेंगी। इसके लिए सात से लेकर 16 सितंबर तक अभियान चलाया जाएगा। वहीं, 45 उम्र से अधिक के ऐसे लोगों को चिह्नित किया जाएगा, जिन्हें कोरोना का टीका लगाया गया है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्चुअल बैठक भी हुई। इसमें जरूरी दिशा निर्देश दिए गए।
घर-घर होेने वाले सर्वे में बुखार, खांसी-जुकाम, टीबी, डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया, टाइफाइड या अन्य बीमारियों से ग्रस्त लोगों को चिह्नित किया जाएगा। इससे उन्हें आने वाले खतरे से बचाया जा सकेगा। यह भी पता किया जाएगा कि दो साल तक के बच्चों का रूटीन टीकाकरण हुआ है या नहीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एएनएम, आशा और संगिनी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को जोड़कर टीमें ब्लॉकवार तैयार की जाएंगी। उन्हें क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि अभियान में हर एक गली, मोहल्ले और गांवों को शामिल किया गया है। टीमें प्रत्येक घर-घर में पहुंचकर दिए गए प्रोफार्मा के आधार पर परिवार के सदस्यों की जानकारी दर्ज करेगी। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, उनकी उम्र, बीमारी या संदिग्ध लक्षणों के साथ उनका मोबाइल नंबर भी लिया जाएगा। अभिभावकों को समझाया जाएगा कि वे कैसे बच्चों की सेहत का ख्याल रखें। मास्क और शारीरिक दूरी का महता भी बताई जाएगी। डेंगू से कैसे बचाव किया जाए, इसके लिए भी जागरूक किया जाएगा। साथ ही कोरोना बचाव का टीका नहीं लगवाने वालों से टीका लगवाने की अपील की जाएगी।
----