मेरठ। कान्हा उपवन गोशाला में गोवंशों की दुर्दशा के बाद सोमवार सुबह एक मृत गोवंश को कुत्तों द्वारा नोचते देखकर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। परतापुर निवासी चिराग चौधरी ने बताया कि वह सुबह अपने खेत पर चारा लेने जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि गोशाला की चाहरदीवारी से कुछ दूरी पर उनके ही खेत में मृत गोवंश को कुत्ते नोच रहे थे। किसान ने कुत्तों को भगाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह उसे ईख के खेत में ले गए।
इसकी जानकारी पर गांव के लोग वहां पर पहुंचे। लोगों ने वीडियो बनाई और हंगामा किया। ग्रामीणों ने बताया कि गोशाला से निकलने वाला गोबर आदि को निगम के कर्मचारियों द्वारा पास में स्थित परतापुर बराल गांव के श्मशान की भूमि में डाला जा रहा है। जिसको लेकर भी ग्रामीणों ने गोशाला पहुंचकर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी कि अगर श्मशान घाट में गंदगी डालना बंद नहीं किया तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन करेंगे।
- नितेश चौधरी ने बताया कि गोशाला के बाहर गांव का श्मशान है। कई दिनों से यहां गोशाला से निकला गोबर और मलमूत्र डालकर श्मशान की भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। अगर किसी को अंतिम संस्कार के लिए यहां लाया जाएगा तो परेशानी होगी।
- अमित सिरोही ने कहा कि नगर निगम के द्वारा ग्रामीणों के साथ अन्याय किया जा रहा है। गोशाला से निकलने वाले गोबर और मलमूत्र को जगह जगह डाल दिया गया। बरसात के मौसम में इससे दुर्गंध उठती है। इस मामले में उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।
- अजय सिंह ने कहा कि जब से गांव में गोशाला बनी है। ग्रामीण मुसीबत झेल रहे हैं। गोशाला में आने जाने वाले वाहनों के कारण परतापुर महरोली मार्ग क्षतिग्रस्त हो चुका है। आए दिन यहां बाइक सवार गिरकर चोटिल होते हैं।
- बिजेंद्र सिंह ने कहा कि लापरवाही करने वाले अधिकारियों ने गांव के श्मशान घाट पर गोवशों का मलमूत्र डाल दिया। यहां जगह-जगह गोबर और मलमूत्र के ढेर लगे हैं। बरसात में यह मलमूत्र बहकर श्मशान की भूमि में भर जाएगा। इससे परेशानी होगी।