लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के मैदान पर खेली जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला ब्लैक कैप इलेवन और ऑरेंज कैप इलेवन के बीच खेला गया। इसमें ब्लैक कैप इलेवन की टीम जीती।
ब्लैक कैप इलेवन की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। ऑरेंज इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लैक इलेवन की टीम ने पांच विकेट के नुकसान पर 153 बनाकर जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच डॉ. विवेक पाल सिंह को घोषित किया गया। उन्होंने 28 गेंद में 55 रनों की पारी खेली। फाइटर ऑफ द मैच डॉ. विवेक मिश्रा को मिला।
उन्होंने 41 रन बनाए। दूसरे मैच में ब्लू इलेवन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 अवर में पांच विकेट के नुकसान पर 157 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेड इलेवन की टीम ने 16.5 ओवर में ही पांच विकेट खोकर 158 रन बनाकर जीत दर्ज की। उनकी ओर से डॉ. पंकज कुमार ने 55 रनों की पारी खेली। फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार डॉ. सौरभ अग्रवाल को मिला। उन्होंने 30 गेंद में 58 रन बनाए। प्रतियोगिता में ब्लैक कैप इलेवन की टीम पहले स्थान पर रही। इस टीम ने छह अंक अर्जित किए।
दूसरे स्थान पर रेड कैप्स इलेवन की टीम रही। तीसरा स्थान ब्लू कैप्स इलेवन की टीम को मिला जबकि चौथे स्थान पर ऑरेंज कैप्स इलेवन की टीम रही। मैन ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार डॉ. सौरभ अग्रवाल, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार डॉ. विवेक पाल सिंह, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार डॉ. सौरभ अग्रवाल, सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर का पुरस्कार डॉ. कपिल अरोड़ा, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षण का पुरस्कार डॉ. संदीप सहगल को दिया गया।