दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे (एनएच-58) पर रविवार तड़के एक हृदयविदारक हादसा हो गया। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे पिता-पुत्र की बाइक रुहासा कट के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस दुर्घटना में 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार बाइक चालक नशे की हालत में था और दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।
दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी बबलू (48) शनिवार सुबह अपने बेटे नितिन (22) के साथ बाइक पर सवार होकर हरिद्वार गंगाजल लेने गए थे। रविवार तड़के करीब चार बजे जब वे वापस लौट रहे थे तो दौराला थाना क्षेत्र के रुहासा कट के पास यह हादसा हुआ। पुलिस जांच में सामने आया है कि बबलू नशे की हालत में बाइक चला रहा था। अत्यधिक गति और नशे के कारण वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और बाइक सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्र सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण नितिन की मौके पर ही सांसें थम गईं।
सूचना मिलते ही दौराला पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बबलू को मोदीपुरम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दी।
बबलू नशे की हालत में बाइक चला रहा था जिसके चलते बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर देर शाम दिल्ली से आए परिजनों को सौंप दिया गया है। — प्रकाश चंद्र अग्रवाल, सीओ दौराला