नौचंदी थाना क्षेत्र के जे ब्लॉक में चोरों ने शनिवार रात की वारदात
पड़ोसी की दीवार से सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे और दरवाजे भी उखाड़े
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शास्त्रीनगर के जे ब्लॉक में चोरों ने डॉ. अभिषेक अग्रवाल (डेंटल सर्जन) का बंद मकान खंगाल लिया। चोर करीब दस लाख रुपये और कीमती सामान ले गए। डॉक्टर ने नौचंदी थाने में तहरीर दी है।
डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि शनिवार रात वह जे ब्लॉक के मकान का ताला लगाकर सेक्टर-2 शास्त्रीनगर स्थित दूसरे मकान पर गए हुए थे। रात में चोरों ने मकान की दीवार के सहारे सीढ़ी लगाई और छत के रास्ते से अंदर घुस गए। जहां चोरों ने दरवाजे भी उखाड़ दिए। चोरों ने सेफ में रखी करीब चार लाख से अधिक की सोने की ज्वैलरी, दो किलो चांदी, इन्वर्टर बैटरी, म्यूजिक सिस्टम, तीन एलईडी, दो कंप्यूटर, डेंटल की छोटी मशीनें और घर में लगाने के लिए लाए गए सीसीटीवी कैमरे आदि ले गए।
रविवार सुबह नौ बजे पड़ोसियों की सूचना पर डॉ. अग्रवाल मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंचे नौचंदी इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी मकान के एक हिस्से में स्कूल भी संचालित होता है। इंस्पेक्टर के अनुसार चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
शराब पार्टी भी जमाई
पुलिस को मौके से शराब की खाली बोतल और गिलास भी मिले हैं। जिससे माना जा रहा है कि चोरों ने शराब पार्टी भी की। पुलिस का कहना है कि चोरों की संख्या 4-5 थी। उन्होंने करीब 2-3 घंटे तक पूरा घर खंगाला। चोर किसी बड़े वाहन को लेकर पहुंचे, जिसमें सारा सामान भरकर ले गए।