हापुड़ अड्डे पर युवक पर खौलता तेल डाला
मेरठ। हापुड़ अड्डे पर रविवार शाम एक युवक पर खौलते तेल से हमला कर दिया गया। रंजिश में वारदात को अंजाम देकर दो सगे भाई मौके से फरार हो गए। करीब 25 प्रतिशत झुलसे युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार भटीपुरा किठौर निवासी साहब सिंह (30) हापुड़ अड्डा चौराहे पर प्रवीन इलेक्ट्रानिक्स पर काम करता है। रविवार शाम करीब 6 बजे साहब सिंह दुकान के बाहर खड़ा था। तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और लोहे के डिब्बे में लाया खौलता हुआ तेल साहब सिंह पर फेंक दिया। बचने के प्रयास में तेल साहब सिंह की पीठ पर गिरा और वह झुलस गया। आसपास के लोगों ने साहब सिंह को पास ही युग हॉस्पिटल में भर्ती कराया। सूचना पर नौचंदी पुलिस और सीओ सिविल लाइन हरिमोहन सिंह भी पहुंच गए।
सीओ ने साहब सिंह से पूछताछ के बाद बताया कि भटीपुरा गांव के ही मोनू और सोनू ने वारदात को अंजाम दिया है। काफी समय से दोनों भाई साहब सिंह से रंजिश रखते आ रहे हैं। अवैध संबंधों का भी शक है, जिसको लेकर उनका कई बार विवाद हो चुका है। सीओ के अनुसार मोनू और सोनू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।