संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। कस्बा करनावल स्थित तालाब में सोमवार को मिले शव की पहचान को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। करीब दो सप्ताह से लापता 20 वर्षीय मनीष पुत्र राजू के परिजनों ने शव के मनीष का होने की आशंका जताई है। पहचान की पुष्टि के लिए मंगलवार को पुलिस ने मनीष की मां का डीएनए जांच के लिए ब्लड सैंपल लिया है। अब डीएनए जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तालाब से मिला शव लापता मनीष का है या नहीं।
बता दें, सोमवार दोपहर को करनावल स्थित तालाब में लोगों ने पानी में एक युवक शव पड़ा देखा था। सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर आसपास के लोगों से शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
तालाब में शव मिलने की जानकारी जब करीब दो सप्ताह से लापता मनीष के परिजनों को हुई तो उन्होंने शव को मनीष का होने की आशंका जताई। हालांकि पुलिस ने बिना पहचान के इसकी पुष्टि नहीं की। मंगलवार को मनीष की मां का डीएनए सैंपल लिया गया, जिसे शव से लिए गए नमूने से मिलान कराया जाएगा। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि डीएनए जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मृतक की पहचान और मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-